Showing posts with label Meenakshi Lekhi. Show all posts
Showing posts with label Meenakshi Lekhi. Show all posts

Saturday, June 28, 2025

Pradeep Sardana 50 Years in Journalism: कोई बाढ़, कोई आँधी प्रदीप सरदाना को हिला नहीं सकी है, बोले नितिन गडकरी

‘’बहुत लोग आते हैं, बहुत चले जाते हैं। लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जिन्हें लंबे समय तक याद किया जाता है। ऐसे ही एक व्यक्ति हैं देश के ज्येष्ठ पत्रकार प्रदीप सरदाना, जो पिछले 50 वर्षों से ईमानदारी और कर्मठता से अपना पत्रकारिता धर्म निभा रहे हैं। परिस्थियाँ कैसी भी रहीं हों उन्होंने कभी अपने असूलों, ईमानदारी और विचारधारा के साथ कोई समझौता नहीं किया। पत्रकारिता में उनकी शानदार अर्ध शताब्दी पूरी होने पर मैं उन्हें सेल्यूट करता हूँ, उनका अभिनंदन करता हूँ।‘’

उपरोक्त विचार केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली में आयोजित ‘प्रदीप सरदाना की पत्रकारिता में अर्ध शताब्दी’ के स्वर्ण जयंती समारोह में व्यक्त किए। समारोह में प्रख्यात शास्त्रीय नृत्यांगना और पूर्व सांसद सोनल मानसिंह, देश की वयोवृद्ध पत्रकार, साहित्यकार शीला झुनझुनवाला, केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, सांसद मनोज तिवारी, पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की पुत्री और वरिष्ठ टीवी प्रेजेंटर प्रतिभा आडवाणी, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रमुख संजय मयूख और दैनिक ‘स्वदेश’ के समूह संपादक अतुल तारे भी मंच पर मौजूद थे। समारोह का आयोजन लेखकों, पत्रकारों और कलाकारों की संस्था ‘आधारशिला’ ने किया था।

इस अवसर पर श्री गडकरी ने यह भी कहा, प्रदीप सरदाना देश के ऐसे पत्रकार हैं जो राजनीति, स्वास्थ, परिवहन, पर्यटन, साहित्य, कला, संस्कृति, सिनेमा सहित सभी विषयों पर लिख रहे हैं। पिछले 50 वर्षों से लगातार चिंतन करते हुए वह अपने लेखन से जिस तरह सामाजिक चेतना और जन जागरण का कार्य कर रहे हैं। उनके लेखन को, विचारधारा को हम सभी ने स्वीकारा है। हम देखते हैं जब कभी प्रबल बाढ़ आती है तो सब कुछ बह जाता है। लेकिन प्रदीप सरदाना ऐसे पत्रकार हैं जो हर बाढ़, हर आँधी हर संघर्ष में मजबूती से खड़े रहे। उनके काम हम सभी को याद रहते हैं। इसलिए हम सभी को उनका सम्मान करना चाहिए। मैं ऐसे कर्मठ और प्रामाणिक पत्रकार प्रदीप सरदाना को शुभेच्छा देता हूँ।‘’

उधर केन्द्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा- ''प्रदीप सरदाना वह हस्ती हैं जो पत्रकारिता के हर क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल। वह लिविंग लिजेंड हैं। हालांकि प्रदीप जी ने जब 14 साल की उम्र में पत्रकारिता शुरू की, तब न गूगल था, न इंटरनेट न कंप्यूटर फिर भी इतनी कम उम्र में इन्होंने पत्रकारिता में अर्ध शतक पूरा किया, सच को सामने लाने का काम किया। वह सिर्फ 17 साल की उम्र में देश के सबसे कम उम्र के संपादक भी बन गए। वह पत्रकारिता के साथ रचनात्मक लेखन भी करते हैं। कवि, निर्माता निर्देशक और टीवी प्रेजेंटर भी हैं। उन्होंने पूरा दौर देखा है। उनकी अनेक विशिष्ट उपलब्धियां हैं। मेरा सौभाग्य है वह जहां रहते हैं मैं उस क्षेत्र का सांसद हूँ।‘’

समारोह में प्रदीप सरदाना की पत्रकारिता में स्वर्ण जयंती के मौके पर कुछ विशिष्ट व्यक्तियों के वीडियो संदेश भी दिखाये गए। जिनमें गूगल के एशियाई अध्यक्ष संजय गुप्ता, दिग्गज अभिनेत्री मुमताज़, अभिनेता अनुपम खेर, तारक मेहता के जेठा लाल फेम अभिनेता दिलीप जोशी, भजन सम्राट अनूप जलोटा, सुप्रसिद्द गायक उदित नारायण और सुखविंदर सिंह, प्रसिद्द हास्य कवि सुरेन्द्र शर्मा और फिल्म निर्माता, अभिनेता धीरज कुमार प्रमुख हैं। कार्यक्रम का बेहद खूबसूरत संचालन स्तुति सरदाना ने किया।

सांसद मनोज तिवारी ने समारोह में कहा, इतनी महत्वपूर्ण और बड़ी हस्तियाँ एक साथ बहुत मुश्किल से मिलती हैं। यह सब बताता है कि प्रदीप सरदाना जी की पहुँच कितनी बड़ी है। इनकी लंबी पारी के बड़े कार्यों और लेखन से यह सिद्द हो गया है कि प्रदीप सरदाना का व्यक्तिव महान है। लोग सफलता की सीढ़ी चढ़ते ही अपने पुराने संगी साथियों को भूल जाते हैं। लेकिन प्रदीप जी सभी को सदा याद रखते हैं।

जबकि सोनल मानसिंह ने कहा- ''प्रदीप सरदाना जी बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। जो 50 बरसों से लेखन पत्रकारिता में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।'' उधर 99 वर्षीय पत्रकार शीला झुनझुनवाला ने कहा-''प्रदीप सरदाना की 50 बरस की पत्रकारिता यात्रा में 44 बरस की मैं भी साक्षी रही हूँ। वह जिस तरह नित सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ते हुए आज जिस मंजिल पर पहुंचे वह सब बेमिसाल है। अनेक लोगों के लिए प्रेरणा है।''   

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप सरदाना की विगत 50 वर्षों की लेखन-पत्रकारिता की स्वर्णिम यात्रा पर एक चित्रमय स्मारिका का विमोचन भी किया गया। साथ ही नितिन गडकरी, मीनाक्षी लेखी, जादूगर सम्राट शंकर, अहमदाबाद से आए गुजराती साहित्यकार भूर सिंह राव, एमएसएमई पीसीआई के अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा सरकार और उपाध्यक्ष नीतू कुवर राव, कवि और योगाचार्य प्रेम भाटिया, इस्कॉन मंदिर के लक्ष्मी नरसिंहदास सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए पत्रकार, साहित्यकार औए कलाकारों ने प्रदीप सरदाना को सम्मानित भी किया। प्रदीप सरदाना ने इस मौके पर अपनी 50 बरस की यात्रा के कुछ किस्से भी सुनाये।

कार्यक्रम में दिल्ली के विधायक रवीन्द्र सिंह नेगी और अभय वर्मा सहित राजनीति, लेखन, पत्रकारिता, कला, काव्य, रेडियो, टीवी और सिनेमा की दुनिया के कई चर्चित और प्रसिद्द चेहरे मौजूद थे। जिनमें संतोष भारतीय, राजेश मित्तल, अशोक वानखेडे, शंभू भद्रा, रमाकांत पांडे, पी के बजाज, जय सिंह, राम अवतार बैरवा जादूगर सम्राट शंकर, अमित नागपाल, असावरी पवार, अभिनव चतुर्वेदी, विवेक सरदाना, डॉ अचल दवे, डॉ विवेक गुप्ता, राजीव गुप्ता, सुनील सोनी, सुशील जोशी,अरविंद स्वामी, राजेन्द्र सिंह और पूनम सागर प्रमुख हैं। कुल मिलाकर यह समारोह बेहद भव्य और शानदार रहा।

उधर इस विशिष्ट मौके पर पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, श्रम, रोजगार, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, आयरलैंड में भारत के राजदूत अखिलेश मिश्र, श्री रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र निर्माण समिति के अध्यक्ष और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पूर्व प्रधान सचिव नृपेन्द्र मिश्रा, दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज और रवि किशन सहित और भी कई गणमान्य व्यक्तियों ने प्रदीप सरदाना को लिखित बधाई संदेश भेजे हैं।